
धर्मशाला। आईपीएल सीजन छह के धर्मशाला में वीरवार को किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच हुए मुकाबले में दर्शकों ने महंगी टिकटों से तौबा किया। वीआईपी स्टैंड की अधिकांश सीटें मैच के दौरान खाली रह गईं।
जानकारी के मुताबिक पहले मैच के लिए पंद्रह सौ से ऊपर की टिकटें कम ही बिकीं। मैच शुरू होने तक उम्मीद की जा रही थी कि वीआईपी स्टैंड पैक होगा, लेकिन अधिकांश टिकटें अनसोल्ड ही रहीं। हालांकि दूसरी तरफ जनरल स्टैंड पूरी तरह से पैक थे। वीरवार को मैच वाले दिन भी सात सौ व आठ सौ की टिकटों की धड़ल्ले से बिक्री हुई। सस्ती टिकटोें के लिए एचपीसीए के काउंटर पर देर शाम तक खूब मारा-मारी रही। मैच शुरू होने तक धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में टिकटों की बिक्री जारी रही। हालांकि टिकट काउंटर खुले होने की जानकारी न होने के कारण कुछ क्रिकेट प्रेमी शहर में टिकटों के लिए भी भटकते रहे। स्टेडियम के जनरल और स्टूडेंट स्टैंड पूरी तरह से पैक दिखे। इस बार भी खासतौर पर पंजाब और जम्मू के क्रिकेट प्रेमियों की मैच में खासी आमद देखी गई।
स्टेडियम के बार दिल्ली-पंजाब के झंडे
धर्मशाला स्टेडियम के बाहर दिल्ली और पंजाब की टीमों के झंडे खूब लहरा रहे थे। दर्शकों ने अपनी पसंदीदा टीमों के झंडों के साथ स्टेडियम में प्रवेश किया। चौकों और छक्कों की बरसात के साथ स्टेडियम में टीमों के झंडे भी लहरा उठे। दर्शकों में चेहरे पर टीमों के फ्लैग बनवाने का भी काफी क्रेज रहा।
