
कुल्लू। पंचायत समिति कुल्लू की बैठक से कई विभागों के अधिकारियों के नदारद रहने से समिति के सदस्य उखड़े रहे। हैरत इस बात की है कि दोनों महत्वपूर्ण आईपीएच और लोनिवि से कोई भी अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा था। वीरवार को पंचायत समिति हाल में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सदर पंचायत समिति के अध्यक्ष मेघ सिंह ठाकुर ने की।
बैठक में सर्व प्रथम पंचायत समिति के पदाधिकारियों व अन्य समिति सदस्यों ने आईपीएच और लोक निर्माण विभाग सहित अन्य कई विभागों के अधिकारियों के नदारद रहने पर कड़ी नाराजगी जताई है। इसके बाद पंचायत समिति अध्यक्ष मेघ सिंह ठाकुर ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे जानकारी दी है। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा ने मनरेगा, स्वच्छता और ग्राम सभा के बारे में बताया। पंचायत समिति कार्यालय के पास वर्षा संग्रहण टैंक भी बनाया जाएगा। जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ने पंचायत प्रधानों, समिति सदस्यों और जिला परिषद के सदस्यों के मानदेय बढ़ाने का आग्रह किया। बैठक में सदर पंचायत समिति के कुल 33 सदस्यों में से 28 पंचायत समिति सदस्यों ने भाग लिया। इस बेला पर जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर तथा पंचायत समिति कुल्लू के उपाध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। वहीं पंस अध्यक्ष मेघ सिंह ने बताया कि बैठक से गैर हाजिर रहने वाले विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
जांच करवाएगा लोनिवि : कपूर
लोनिवि के एसई विजय कपूर ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। बैठक में विभाग के प्रतिनिधि को जाना चाहिए था। गए क्यों नहीं इसकी जांच करवाई जाएगी। भविष्य में प्रतिनिधि मौजूदगी सुनिश्चित करवाएंगे।
