पंजाब से अगवा लड़की फंदे से लटकी मिली

टाहलीवाल (ऊना)। गढ़शंकर (पंजाब) के बीनेवाल गांव से अगवा लड़की की ऊना जिले के सिंगा में लाश मिली है। शव पेड़ से फंदे के साथ लटक ा था। हल्के हरे रंग के युवती के दुपट्टे को ही फंदे के लिए इस्तेमाल किया गया। लड़की टाहलीवाल क्षेत्र में ही जूतों के सोल बनाने वाली एक फैक्टरी में काम करती थी। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों पर सवार तीन युवकों ने युवती का बीनेवाल से रात को अपहरण किया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना पहुंचाया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। ऊना के एसपी केसी शर्मा और पंजाब गढ़शंकर से डीएसपी गुरमेल सिंह भी सिंगा गए थे।
गढ़शंकर के डीएसपी गुरमेल सिंह के मुताबिक मृतका अंजू की बहन किरणा देवी ने अपने बयान में कहा है कि बुधवार शाम करीब सवा आठ बजे जब उसकी बहन अंजू देवी शौच के लिए बाहर गई तो पहले से ही सड़क पर खडे़ मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। किरणा के शोर मचाने पर ग्रामीण भी वहां पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। ग्रामीणों और परिजनों ने युवती को ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता न चल सका। परिजनों ने पंजाब की पुलिस चौकी झुंगी में भी सूचना दी थी। किरणा देवी ने बताया कि उसकी बहन सिंगा के एक निजी उद्योग में पिछले छह माह से कार्य कर रही थी। उसने कुछ युवकों की ओर से उसे हर रोज परेशान करने की भी बात कही थी। 18 वर्षीय अंजू ने इसकी सूचना उद्योग प्रबंधकों को दी थी। किरणा ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को अगवा करने वालों ने ही उसे मारने के बाद यहां फंदे से लटकाया होगा। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि युवती की हत्या के बाद उसे फंदे से लटकाया गया या युवती ने खुद फंदा लगाकर जान दी है। डीएसपी गढ़शंकर गुरमेल सिंह ने बताया कि मृतका की बहन के बयानों के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तह तक पहुंचेगी। उद्योग प्रबंधकों और वहां के कामगारों से भी पुलिस पूछताछ करेगी।

शव परिजनों को सौंपा: एसपी
ऊना के एसपी केसी शर्मा ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर इसका पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। यह शव एक पेड़ से लटका हुआ था। उस टहनी और जमीन के बीच का फासला 11 फुट था। फंदे के लिए दुपट्टे का इस्तेमाल किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

बस चालक ने देखी थी लाश
वीरवार सुबह एक बस चालक ने पंजाब के बीनेवाल-सिंगा मार्ग पर युवती का शव पेड़ से लटका देखा। उसने ग्रामीणों क ो सूचना दी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिस पर ऊना से एसपी खुशहाल चंद, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, हरोली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह, पंजाब पुलिस से डीएसपी गुरमेल सिंह, एसएचओ गढ़शंकर जतिंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने रोकी पुलिस की गाड़ी
अंजू का शव लेकर ऊना आ रही पुलिस की गाड़ी को परिजनों ने रोक दिया। परिजन गाड़ी के आगे बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। जिस पर ऊना के एसपी केसी शर्मा और पंजाब से आए डीएसपी गुरमेल ने परिजनों को समझाया तथा पुलिस कार्रवाई पर भरोसा करने को कहा। पंजाब पुलिस ने इस वारदात में फिलहाल भादसं की धारा 364 के तहत मामला दर्ज किया है। युवती से दुराचार हुआ है या नहीं, इसका पता मेडिकल रिपोर्ट में चलेगा।

Related posts