भरनांग के लोगों ने अंधेरे में गुजारी रात

हमीरपुर। उपमंडल टौणीदेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सराहकड़ के भरनांग और सलोट गांव के करीब पांच दर्जन परिवारों को शनिवार रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। शनिवार को आए तेज तूफान के चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हुई थी। हालांकि दूसरे क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया, लेकिन उक्त दोनों गांवों में बिजली गुल रही। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बोर्ड के अधिकारियों से भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में दोनों गांवों के परिवारों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। यहां करीब 26 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही है।
स्थानीय वासी अनीता, वीना देवी, माया देवी, ममता, रिंपु, सजल, विजय, रिशु, कार्तिक, अनिकेत, सुजल, अनिल कुमार आदि लोगों का कहना है कि भरनांग और सलोट में शनिवार सुबह करीब 11 बजे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बोर्ड के अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई, लेकिन विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार को दिनभर बिजली की आंख मिचौली चलती रही। वहीं रात को अंधेरे के चलते खाना पकाने में भी परेशानी हुई। रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
उधर, एसडीओ विद्युत उपमंडल टौणीदेवी कुलवीर सिंह का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है। संबंधित जेई ही इसकी जानकरी दे सकते हैं।
जेई महेंद्र सिंह दूबे का कहना है कि तूफान के चलते बिजली गुल हुई थी। स्टाफ की कमी के चलते बिजली को दूसरे दिन रविवार को ही बहाल किया जा सका।

Related posts