
हमीरपुर। पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत ऊहल के जियाणा गांव में हुई सड़क दुर्घटना की रिपोर्ट लगभग तैयार है। मेकेनिकल रिपोर्ट पहुंचने के बाद मामले की पूरी रिपोर्ट उपायुक्त हमीरपुर को सौंपी जाएगी। मेकेनिकल रिपोर्ट के बाद ही हादसे के असल कारणों का पता लग सकेगा।
जानकारी के अनुसार घटना की रिपोर्ट बनकर लगभग तैयार है, जिसमें वाहन चालक की गलती बताई गई है। घटनास्थल पर सड़क 25 फीट चौड़ी है और घटनास्थल पर ट्राले के किसी अन्य वाहन या पहाड़ी से टकराने के निशान भी नही हैं। एक्सपर्ट की मानें तो घटनास्थल पर गाड़ी के ब्रेक लगने तक के निशान नहीं है। पुलिस प्रशासन ने एक्सपर्ट टीम की मदद से रिपोर्ट को लगभग तैयार कर लिया है, लेकिन अभी तक मेकेनिकल रिपोर्ट आना शेष है। इस रिपोर्ट के आने के बाद ही गाड़ी के ठीक काम करने या न करने का खुलासा होगा। ज्ञात हो कि गत 30 अप्रैल को प्रवासी मजदूरों से भरी एक बोलेरो जीप जियाणा के पास गहरी खाई में लुढ़क गई थी, जिसमें 10 प्रवासी लोगों की मौकेे पर मौत हो गई थी। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने निरीक्षण के बाद पुलिस प्रशासन को घटना की जांच के आदेश दिए थे।
उधर, सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश चंद का कहना है कि रिपोर्ट बनकर लगभग तैयार है। मेकेनिकल रिपोर्ट आते ही पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही मेकेनिकल रिपोर्ट आने की संभावना है।
