उप सब्जी मंडी में 15 दिनों से नहीं आया पानी

नादौन (हमीरपुर)। उप सब्जी मंडी नादौन में मूलभूत सुविधाओं की कमी के चलते यहां व्यवसाय कर रहे लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। यहां पर बीते करीब 15 दिन से पानी की आपूर्ति नहीं होने के चलते दुकानदार हैंडपंप का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। इसके चलते व्यवसायियों में आईपीएच विभाग के प्रति रोष है।
राजकुमार, गुलबंत, हेमराज, अश्विनी, हरदेश कुमार, भोला राम, मोहन लाल आदि का कहना है कि सब्जी मंडी में करीब दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति नहीं हुई है। इसके चलते मंडी में व्यवसाय कर रहे लोगों को परेशानी हो रही है। इस बारे में आईपीएच विभाग को अवगत करवाया गया है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में मजबूरन उनको हैंडपंप का खराब पानी पीना पड़ रहा है। ज्ञात हो कि मंडी से प्रदेश सरकार को प्रतिमाह मार्केटिंग फीस के रूप में एक लाख से अधिक की राशि प्राप्त होती है। वहीं 18 हजार रुपये परिसर में चल रही दुकानों के किराये के रूप में मिलते हैं।
उधर, एसडीएम नादौन बलबीर ठाकुर ने कहा कि समस्या हाल ही में उनके ध्यान में आई है। इसके लिए संबंधित विभाग को जल्द ही दिशा निर्देश दे दिए जाएंगे, जिससे समस्या का स्थायी समाधान हो सके

Related posts