
शिमला। अक्षय तृतीया के मौके को भुनाने के लिए राजधानी के सराफा कारोबारियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। सोमवार को पर्व के उपलक्ष्य में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मेकिंग चार्ज में छूट देकर कारोबारियों ने ग्राहकों को रिझाने की योजना बनाई है। इसके अलावा डायमंड के आभूषणों में भी छूट का आफर दिया गया है। शिमला सराफा कारोबारी संघ के महासचिव अतुल टांगरी ने बताया अक्षय तृतीया को लेकर सोने, चांदी की खरीदारी करने को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं। सोमवार के लिए कई ग्राहकों को एडवांस में भी बुकिंग करवाई है। रविवार को भी कुछ दुकानों में लोग खरीदारी को उमड़े।
सराफा कारोबारियों ने मेकिंग चार्ज पर 50 फीसदी तक की छूट के अलावा सोने के गहनों के साथ 0.25 ग्राम के सोने का सिक्का निशुल्क देने का ऑफर लाया है। कम वजन और डिस्काउंट के सहारे अक्षय तृतीया के लिए बैंकों ने भी अपनी रणनीति बदली है। कई बैंकों ने 0.5 ग्राम और एक ग्राम के सोने के सिक्कों का विकल्प भी ग्राहकों को दिया है। अक्षय तृतीया पर पोस्ट ऑफिस भी सोने के सिक्कों की खरीदारी पर सात फीसदी छूट दे रहे हैं। यह छूट एक ग्राम से लेकर 50 ग्राम तक के सिक्कों पर 30 जून 2013 तक है। रविवार को भी शिमला स्थित मुख्य डाकघर भी खुला रहा।
