बीबीएन क्षेत्र में उद्योगों में काम रहा ठप

बद्दी (सोलन)। बीबीएन क्षेत्र में तूफान से तीन स्थानों पर बिजली की केबल टूटने से करीब पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने सुबह करीब साढ़े 9 बजे बिजली को सुचारु किया।
बीबीएन क्षेत्र में आए तूफान से दवनी, ईपीआईपी व बद्दी के फीडर नंबर तीन की केबल टूट गई। तीनों इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस दौरान दर्जनों उद्योग भी बंद रहे।
दवनी का फीडर बंद होने से थाना क्षेत्र के घरेलू उपभोक्ता और उद्योगपति परेशान रहे। झाड़माजरी में और बद्दी की तीन नंबर फीडर बंद होने से भटोली कलां क्षेत्र में दर्जनों उद्योग बंद रहे। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के तकनीकी कर्मचारियों ने केबल को ठीक कर विद्युत सप्लाई को सुचारु किया।
बीबीएनआईए के पावर कमेटी अध्यक्ष शैलेष अग्रवाल ने बताया कि बिजली गुल होने से उद्योगपतियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। उद्योगपतियों को दोबारा तापमान मेंटेंन करने में अतिरिक्त एनर्जी खर्च करनी पड़ी।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता केके बस्सी ने बताया कि तूफान से तीन स्थानों पर केबल टूटी। तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली को सुचारु किया गया।

Related posts