अंधड़ ने तोड़ी बागवानों की कमर

ऊना। बारिश से पहले ऊना में आए तेज अंधड़ ने बागवानों की कमर तोड़ दी है। जिले में आम, आड़ू और नाशपाती समेत कई अन्य फल पेड़ों से गिर गए। कई जगहों पर फलों से लदी टहनियां भी टूट गई। जिले में बागवानों को अंधड़ से भारी क्षति हुई है। शुक्रवार और शनिवार रात चले अंधड़ ने बागवानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बागवानों को रोटी के लाले तक पड़ने की चिंता सता रही है। उद्यान विभाग ने नुकसान का जायजा लेना शुरू कर दिया है। अंब क्षेत्र से प्रगतिशील बागवान राजीव कुमार, धीरज शर्मा, अश्वनी, रवि ठाकुर, गगरेट से विश्वास शर्मा, चंदन सिंह, भूरि सिंह, रोशन लाल, विक्रांत, मैहतपुर से अशोक कुमार, सुदीप ठाकुर, अर्जुन, जगदीश शर्मा, राजेश कुमार ने कहा कि अंधड़ से आम और नाशपाती की फसल बर्बाद हो गई है। अंधड़ के बाद जब वे अपने बगीचों में गए तो उनके होश फाख्ता हो गए। फसल जमीन पर गिरी थी। बागवानों ने कहा कि आम की फसल पहले ही कम है। ऊपर से तेज अंधड़ ने रही सही कसर पूरी कर दी है। बंगाणा से बागवान रणजीत सिंह, विकास कुमार, चमन लाल, ब्रजेश सिंह, नोख सिंह, जीवानंद, रामलोक, जीवन और ऊना से भारत भूषण, अनिल शर्मा, देवराज, प्रभात ठाकुर, अजीत ने कहा कि आड़ू और आम की फसल अंधड़ से तबाह हो गई। चमन लाल और प्रभात ने कहा कि उन्होंने 40-40 कनाल में आम और आड़ू लगाया है। हर साल पांच-सात लाख रुपये देने वाला बागीचा इस बार अंधड़ की मार से 50 हजार रुपये भी नहीं दे पाएगा। इन बागवानों ने सरकार ने मुआवजे की मांग की है। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि अंधड़ से हुए नुकसान का जायजा लेने को कहा गया है। पूरे जिले से रिपोर्ट आने के बाद इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

Related posts