
ऊना। क्षेत्र के चताड़ा स्थित दो मैरिज पैलेसों में चल रहे शादी समारोहों में भाग लेने पहुंचे युवाओं में तकरार हो गई। इसने बाद में मारपीट का रूप धारण कर लिया। एक गुुट के युवाओं ने दूसरे गुट के दो सगे भाइयों को कार से उतार कर बेरहमी से पीट डाला और मौके से फरार हो गए। घटना में दोनों भाई बुरी तरह जख्मी हो गए हैं, जिन्हें उपचार और मेडिकल के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचा दिया गया है, वहीं पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरविंद्र सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी निक्कू नंगल जिला रोपड़ पंजाब ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपनी बुआ के पुत्र की शादी में भाग लेने ऊना आया था। वह भी बारात में अजनोली से चताड़ा गया था। उसने बताया जब वह जब रात को डीजे फ्लोर पर नाच रहा था तो उनकी किसी दूसरी बारात में आए बरातियों के साथ बहस एवं हाथापाई हो गई। लेकिन जब वह वापिस रात लगभग सवा 12 बजे चताड़ा मोड़ के एक मैरिज पैलेस के पास पहुंचे तो उन लड़कों में से एक लड़का बाइक नंबर एचपी 72- 5508 पर आया और इनकी कार के आगे खड़ा कर कार रोक दी और पीछे से एक और मोटरसाइकिल आया, जिस पर दो लड़के और भी बैठे हुए थे। उन्होंने कार का दरवाजा खोल कर उसे एवं कार में बैठे उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। इतने में लड़ाई झगड़ा होते देख अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने दोनों भाइयों को बचाया। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 341, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
