15 से उड़ान भरेगा करोड़ों का कारोबार

कुल्लू। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कुल्लू और मनाली में समर सीजन शुरू होने के बावजूद अभी तक कारोबार गति नहीं पकड़ पाया है। लेकिन पंद्रह मई से हवाई उड़ानों के शुरू होने की सूचना से कारोबारियों की बांछें खिल उठी हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि हवाई सेवाएं शुरू होने से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। गौरतलब है कि हर साल
कुल्लू-मनाली में करोड़ों रुपये का पर्यटन कारोबार होता है।
देवभूमि कुल्लू सहित प्रदेश के अधिकतर पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहलकदमी में भारी कमी आई है। अब 15 मई से भुंतर एयरपोर्ट सहित गगल तथा शिमला के लिए एयर इंडिया की उड़ानें आरंभ होने जा रही हैं। इसके लिए स्थानीय स्तर पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उड़ानों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उड्डयन मंत्रालय दिल्ली से हवाई उड़ानों को लेकर मिले सकारात्मक संकेत से कुल्लू के पर्यटन को संजीवनी मिलेगी। दस माह बाद शुरू होने वाली हवाई उड़ानों से हाई प्रोफाइल पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। जिला के करीब 1200 पंजीकृत होटलों तथा 2200 टैक्सी आपरेटरों को इससे राहत मिलने के आसार हैं। इसके अलावा सैकड़ों कुटीर और शाल उद्योग से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा। अभी तक सैर सपाटे के लिए कुल्लू-मनाली की वादियों में बीते सालों की अपेक्षा 50 फीसदी से कम पर्यटक पहुंचे हैं। सोलंगनाला, कोठी, गुलाबा, माल रोड मनाली, धार्मिक नगरी मणिकर्ण, बिजली महादेव और बंजार तथा आनी घाटी के पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा, सोझा, रघुपुरगढ़ में रौनक गायब है।

हवाई उड़ानों से बढ़ेगा कारोबार
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि हवाई सेवा बंद होने से हाई प्रोफाइल टूरिस्ट न के बराबर पहुंच रहा है। उड़ानों से समर सीजन को संजीवनी मिलेगी। हिम आंचल टैक्सी आपरेटर यूनियन मनाली के प्रधान पोलू राम ने कहा कि हवाई उड़ानों के आरंभ होने से जिला के 2200 टैक्सी चालकों को राहत मिलेगी। इस कारोबार से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूूत होगी।

उड़ानों को लेकर तैयारियां शुरू
भुंतर एयरपोर्ट अथारिटी के प्रभारी वाईके शर्मा ने कहा कि 15 मई से हवाई उड़ानें आरंभ होने जा रही है। इसके लिए अथॉरिटी ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। निश्चित रूप से एक बार फिर से रौनक लौट आएगी।

Related posts