
काजा (लाहौल स्पीति)। यहां स्थित एकमात्र एटीएम से राशि न निकलने पर आम लोगों के साथ-साथ सैकड़ों सैलानियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। काजा में मात्र एक ही बैंक की एटीएम मशीन लगी है, लेकिन वह भी जनवरी से खराब है। इसके चलते लोगों को पूरा-पूरा दिन बैंक में खड़ा होने के बाद भी शाम को खाली हाथ घर लौटना पड़ रहा है। हालांकि, लोगों ने बैंक प्रबंधन से कई बार एटीएम को ठीक करने की मांग की लेकिन उसके बाद भी मशीन ठीक नहीं हो पाई है।
अब काजा में देश-विदेश के सैलानियों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। काजा में हर रोज सैकड़ों सैलानी पहुंच रहे हैं, लेेकिन एटीएम से पैसे न निकलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों देमूल पंचायत के उप प्रधान दावा पांडप, राहुल, रमेश कुमार, प्रेम सिंह और यहां आए सैलानियों में प्रमोद देसाई, संजीव कुमार और अमित ठाकुर का कहना है कि एटीएम खराब होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों का कहना है कि पूरा-पूरा दिन लाइन में खड़े होने के बाद भी उन्हें बैंक से रुपये नहीं मिल पा रहे हैं। एसबीआई के प्रबंधक प्रदीप उतरैजा का कहना है कि उन्होंने इसके बारे में उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी है। एटीएम खराब होने से बैंक में भी भारी भीड़ है। इससे आम लोगों के साथ-साथ बैंक स्टाफ को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
