ढांक से गिरकर व्यक्ति की मौत

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के पनसाई में एक व्यक्ति की ढांक से गिर कर मरने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। मृतक कुछ दिनों से लापता बताया जा रहा था। इस संबंध में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार पनसाई में कर्मचंद पुत्र भजनू राम मूल निवासी मुकतेहड़ी तहसील बड़सर जिला हमीरपुर बिरोजा निकालने जंगल गया हुआ था। वहीं, ठेकेदार साधू राम के मुताबिक वह पांच दिन पहले रोज की तरह जंगल में बिरोजा निकालने के लिए गया, लेकिन शाम को कमरे पर वापिस नहीं पहुंचा। इधर-उधर पता करने के बाद ठेकेदार ने बड़सर पुलिस थाने में कर्मचंद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवा दी। मंगलवार सुबह बड़सर पुलिस की एक टीम जंगल में कर्म चंद को ढूंढ़ने निकल पड़ी और देर शाम कर्म चंद का शव एक गहरी खाई में पड़ा मिला। । बुधान पंचायत के प्रधान शिवनाथ शर्मा ने बताया वे पंचायत के कुछ लोगों को साथ लेकर पुलिस की बताई गई जगह पर पहुंचे। पुलिस ने हमीरपुर में शव का पोस्टमार्टम करवा कर बुधवार को शव उनके घर वालों को सौंप दिया। बड़सर थाना के प्रभारी अनंत राम शर्मा ने बताया कि कर्म चंद का जंगल में बिरोजा निकालते समय पैर खिसक गया था, जिससे वह 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा और मौके पर ही कर्मचंद की मौत हो गई।

Related posts