
अंब (ऊना)। उपमंडल के मुबारिकपुर में एक महिला ने खुद को डाकघर का एजेंट बता कर एक व्यक्ति से लगभग 1 लाख 30 हजार 500 रुपये ठग लिए हैं। ठगी के शिकार मुबारिकपुर निवासी व्यक्ति ने मामले को लेकर अंब थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है, जबकि पुलिस ने भी घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुबारिकपुर निवासी उमेश सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह ने अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि एक महिला ने अपने आप को डाकघर का एजेंट बताकर उसे विश्वास में लिया एवं अच्छी ब्याज दर मिलने का भरोसा दिलाकर आरडी शुरू के नाम पर उससे पैसे लेने शुरू कर दिए। इस दौरान उन्हाेंने कई बार इस महिला से पास बुक की मांग की, लेकिन हर बार वह कुछ न कुछ बहाना लगा कर टालती रही। शक होने पर उमेश सिंह ने डाकघर में अपना खाता चेक करवाया तो पता चला कि उसके खाते में रकम जमा ही नहीं हुई है। खुद को ठगी का शिकार पाकर उन्होंने इस महिला के खिलाफ अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई। अंब के थाना प्रभारी एवं प्राबेशनर डीएसपी मुनीश डडवाल ने बताया कि महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
