
कालाअंब (सिरमौर)। थाना कालाअंब के तहत खैरी गांव में बुधवार को भीषण आग से झुग्गी के भीतर खेल रहा तीन वर्षीय बालक जिंदा जल गया है। 30 झोपड़ियां भी राख हो गई हैं। बताया जा रहा है कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बच्चे को बाहर निकालने का भी मौका नहीं मिला। प्रवासियों का सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर प्रवासियों की मदद की।
जानकारी के मुताबिक तीन वर्षीय गौरव कुमार पुत्र अमरपाल निवासी जिला एटा उत्तर प्रदेश हादसे के समय अपनी झोपड़ी के भीतर खेल रहा था। आग इतनी भीषण थी कि पलक झपकते ही इसने एक के बाद एक 30 झोपड़ियों को राख कर दिया। इस घटना में दर्जनों लोगों के मामूली रूप से झुलसने का भी अंदेशा है। बुधवार को लगी इस आग से 12 लाख रुपए का नुकसान बताया गया है। सब कुछ अग्निकांड में गवां चुके मजदूरों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक फैली विकराल आग की लपटों से घटनास्थल पर चीखो पुकार मच गई। बाद में कुछ स्थानीय युवाओं ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। किंतु इस बीच खैरी गांव में रहने वाले मजदूरों की 30 झोपड़ियां राख हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन फौरन हरकत में आया। मौके पर एसडीएम नाहन ज्योति राणा, तहसीलदार केएस लाल्टा सहित थाना सदर कालाअंब के एसएचओ विजय कुमार के अलावा चिकित्सकों की टीम भी पहुंची। बाद मेें प्रशासन के अधिकारियों तथा पुलिस के समक्ष बालक के शव का पोस्टमार्टम किया गया। उधर, घटना की पुष्टि करते हुए नाहन के तहसीलदार केएस लाल्टा ने बताया कि लगभग 12 लाख की संपत्ति जल कर नष्ट हुई है। प्रशासन की ओर से आवश्यक राहत सामग्री जारी कर दी गई है।
