पुली से टकराई बाइक, चार युवा जख्मी

ऊना। ईसपुर में मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में चार युवक बुरी तरह से घायल हो गए हैं। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर हादसे के संदर्भ में बाइक चालक युवक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। सभी युवक होशियारपुर जिले के पोसी गांव के निवासी हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर बलविंद्र सिंह निवासी पंडोरी, दीपक और कुशल निवासी पोसी अपने एक अन्य साथी करणवीर पुत्र रोशन लाल के साथ मोटरसाइकिल नंबर पीबी-24-3602 पर सवार होकर ऊना से अपने गांव होशियारपुर जा रहे थे। इसी दौरान ईसपुर के पास करणवीर रफ्तार तेज होने के कारण बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक पुली से जा टकराई। हादसे में चारों युवक बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने इस संदर्भ में आईपीसी की धारा 279 और 337 के अंतर्गत करणवीर पुत्र रोशन लाल निवासी पोसी जिला होशियारपुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसपी केसी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts