सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल

रामपुर बुशहर। यहां ननखड़ी के जाहू के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे में घायल दोनों व्यक्ति दिल्ली से यहां फलों का कारोबार करने आए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक फिगो कार संख्या डीएल 10सीजी-0022 दिल्ली से पनोली की ओर आ रही थी। इसी दौरान सुबह ननखड़ी के जाहू में गाड़ी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार कृष्ण मेहता निवासी पनोली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, गाड़ी में सवार नारायण सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह मकान संख्या 947 बवाना दिल्ली और फूल कुमार पुत्र नारायण कुमार मकान संख्या 955 पूट खुर्द दिल्ली, दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए ननखड़ी से नारकंडा रेफर किया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को चिकित्सकों ने नारकंडा से आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों दिल्ली निवासी फल व्यापारी हैं और यहां बादाम की खरीदारी करने आए हुए थे। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल भी मौके पर पहुंच गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related posts