सड़क बहाली के लिए और इंतजार

सांगला (किन्नौर)। लंबे समय से देश और दुनिया से कटे सांगला क्षेत्र के लिए अभी भी सड़क बहाल होने में लंबा समय लग सकता है। लोक निर्माण विभाग मार्ग को बहाल करने के लिए ब्लास्टिंग कर रहा था कि इसी दौरान पहाड़ी से ल्हासे और भारी भरकम चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। 24 अप्रैल को बंद हुए मार्ग के कारण अब सांगला में डीजल भी मात्र दो हजार लीटर ही शेष बचा है। जबकि, क्षेत्र में सब्जी, दूध, दही और अन्य खाद्य सामग्री का टोटा है। इससे आम लोगों के साथ सैलानियों को भी भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में कई नए वाहन पासिंग के इंतजार में हैं। लेकिन मार्ग बहाल न होने के कारण नए वाहनों की पासिंग भी नहीं हो पा रही है। सड़क बंद होने से सांगला क्षेत्र में दूध, ब्रेड, सब्जी, रसोई गैस सिलेेंडर सहित पेट्रोल और डीजल की कमी खलने लगी है। 40 हजार लीटर स्टोर वाले एक मात्र पेट्रोल पंप पर अब मात्र दो हजार लीटर डीजल और सात हजार लीटर पेट्रोल बचा है। अगर समय रहते मार्ग बहाल नहीं हुआ तो सांगला में वाहनों के पहिये भी थम जाएंगे। इधर, लोनिवि ने मार्ग बहाल करने के लिए सात मशीनें और करीब 25 मजदूर तैनात कर रखे हैं। लेकिन, लगातार चट्टानों के गिरने से सड़क को बहाल करने में परेशानियां आ रही हैं। इसके बारे में लोनिवि के एक्सईएन भावानगर बीएस मेहता ने बताया कि लगातार गिर रही भारी चट्टानों के कारण मार्ग बहाल करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Related posts