जुब्बल में चरमराई ब्राडबैंड सेवा

जुब्बल (शिमला)। जुब्बल क्षेत्र में बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। इसके चलते आनलाइन कार्य करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में बीएसएनएल की कार्यप्रणाली के प्रति भारी रोष है। इंटरनेट सेवा लेने के लिए कई लोगों ने अपने घरों तथा कार्यालयों में बीएसएनएल के ब्राडबैंड कनेक्शन ले रखे हैं। लेकिन, क्षेत्र में बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं। कई बार ब्राडबैंड की इंटरनेट स्पीड काफी कम रहती है तो कई बार सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाती हैं। उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के सभी दावे हवा हो गए हैं। ब्राडबैंड सेवाओं के साथ-साथ बीएसएनएल मोबाइल से सिग्नल गुल होना भी आम हो गया है। बीएसएनएल की लचर सेवाओं से तंग आकर उपभोक्ता बीएसएनएल छोड़कर अन्य निजी कंपनियों की सेवाएं लेने के लिए मजबूर हैं। जुब्बल निवासी यशवंत पिरटा, रितेश शर्मा, उमेश, रजनी कौंडल, विकास यादव, सुमेश कुमार तथा रोहित चौहान ने बताया कि इंटरनेट चलाने के लिए बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवाएं तो ली हैं, लेकिन सेवाएं सही ढंग से नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सप्ताह में कम से कम दो दिन तो सेवाएं ठप ही रहती हैं। कई बार इंटरनेट स्पीड न के बराबर होती है। इसके चलते आनलाइन कोई भी कार्य नहीं हो पाता है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल की मोबाइल सेवाओं की हालत भी खराब है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बीएसएनएल की सेवाएं सही ढंग से नहीं चलती हैं तो उन्हें मजबूरन सख्त कदम उठाने पड़ेंगे। उधर, बीएसएनएल के कार्यकारी सहायक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि ओएफसी लाइन कटने के कारण ब्राडबैंड सेवाएं ठप हो जाती हैं, जिससे दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल सेवाएं सुचारु रूप से चलाई जा रही हैं।

Related posts