डिलीवरी को कर्मचारियों पर पैसे मांगने का आरोप

नादौन (हमीरपुर)। कांगू निवासी सुमन शर्मा की बेटी वीना शर्मा ने टांडा मेडिकल कालेज की दाइयों पर डिलीवरी के लिए जबरन पैसे ऐंठने का आरोप लगाया है। कालेज के एमएस को लिखी अपनी शिकायत में कहा कि प्रदेश सरकार डिलीवरी के लिए विभाग द्वारा मुफ्त सुविधाओं सहित सहायता राशि उपलब्ध करवाने के बड़े-बड़े दावे जताती है परंतु धरातल पर बिल्कुल विपरीत स्थिति बनी हुई।
वीना शर्मा ने बताया कि चंडीगढ़ में रहती हैं तथा डिलीवरी के चलते अपनी मां के घर कांगू में आई थी। 27 अप्रैल को डिलीवरी के लिए टांडा मेडिकल कालेज जाना पड़ा जिसमें स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद टांके लगाने के लिए दाइयों ने मां सुमन शर्मा से 200 रुपए की मांग की। 200 रुपए मिलने के बाद ही टांके लगाए गए तथा उसके बाद दाई ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भी 100 रुपए दिलवाए। मां सुमन शर्मा ने दाई को प्रदेश सरकार की मुफ्त डिलीवरी बारे बताया तो वह आग बबूला हो गई तथा अपशब्दों का प्रयोग करने लगी। वीना शर्मा ने संस्थान के एमएस सहित मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह से मामले की जांच करवाने की गुहार लगाई जिससे अन्य लोगों के साथ ऐसा व्यवहार न हो।
उधर एमएस दिनेश सूद ने कहा कि मामला सीधे तौर पर स्त्री रोग विभाग से जुड़ा हुआ है। मामले को स्त्री रोग विभाग के समक्ष उठाया जाएगा। स्त्री रोग विभाग के अध्यक्ष डाक्टर सुरेश वर्मा ने बताया कि अभी मामले की लिखित शिकायत उनके पास नहीं आई है। फिर भी मामले की छानबीन का जाएगी। दोषी व्यक्ति पर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डिलीवरी सहित अन्य मामलों में पैसा मांगने वाले कर्मचारियों का पर्दाफाश करने के लिए जगह-जगह बोर्ड लगाए हैं। मामले की सीधे तौर पर शिकायत एमएस कार्यालय में की जा सकती है।

Related posts