
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला शुक्रवार को सुबह अचानक 11 बजे से लेकर पौने 12 बजे तक उद्योग बंद रहे। बिजली की सप्लाई अचानक बंद होने से यह समस्या आई है। बताया जा रहा है कि ग्रेड फेल होने से यह समस्या आई। अचानक बिजली बंद होने से करीब एक हजार छोटे बड़े उद्योगों में उत्पादन ठप रहा। जिससे उद्यमियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बरोटीवाला में अचानक बिजली बंद होने से लगातार उत्पादन में चलने वाले उद्योगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। बिजली गुल होने से उन्हें दोबारा तापमान रिकवर करने में अतिरिक्त एनर्जी खर्च करनी पड़ी। बीबीएन के बरोटीवाला क्षेत्र में करीब एक हजार छोटे बडे़ उद्योग हैं। लोहा, पेपर, शीशा और धागा उद्योगों को दोबारा अपना काम ढर्रे पर लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लोहा उद्योग संघ के प्रदेश अध्यक्ष आरएस मलिक, संजय शर्मा, संजीव गुप्ता, अरूण कुमार और रणबीर ठाकुर ने बताया कि जिन लोगों के डीजी सेट थे उन्हें तो इतना ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। लगातार उत्पादन में रहने वाले उद्योगों को जितनी देर बिजली बंद रहती है उतनी देर तो नुकसान होता है। उसके बाद जब दोबारा तापमान पूरा करने में अतिरिक्त एनर्जी लगानी पड़ी। इस एक घंटे की बिजली न होने से उद्योगपतियों को सीधा लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं इस संबंध में विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता केके बस्सी ने बताया कि कुनिहार सब स्टेशन में अचानक बिजली बंद होने से यह दिक्कत आई थी। कुनिहार में भी भावा से बिजली न आने से ऐसा हुआ, लेकिन करीब आधा घंटे के बाद इसे चालू कर दिया गया था।
