
नालागढ़ (सोलन)। शहर के पार्कों का जल्द जीर्णोद्धार होने जा रहा है। नगर परिषद नालागढ़ के पास राजीव गांधी अर्बन रेनुअल मिशन (आरजीवीआरएस) के तहत पार्कों के जीर्णोद्धार के लिए 30 लाख 63 हजार 700 रुपये की धनराशि पहुंच चुकी है। वहीं पर्यटन विभाग से स्वीकृत 10 लाख में से 5 लाख की धनराशि परिषद के पास आ चुकी है। इसकी पुष्टि परिषद के ईओ सुधीर शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि शहर के वार्ड-7 स्थित एमसी पार्क, फ्रेंड्स कालोनी पार्क, एसडीएम निवास परिसर और दुर्गा माता घटी मंदिर के समीप बने पार्क का कायाकल्प इस धनराशि से होगा।
यह होंगे काम
पार्कों में लाइटें, फव्वारे, बैठने के लिए बेंच और बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि लगाए जाएंगे। वहीं वार्ड-7 के एमसी पार्क में चौड़ाई के कार्य की फिलिंग का कार्य भी किया जाएगा। इसी पार्क में परिषद दो शौचालयों का भी निर्माण करेगी। एसडीएम निवास के समीप बने पार्क, फ्रेंड्स कालोनी के पार्क में झूले व बेंच और दुर्गा माता घाटी वाले पार्क में बेंच स्थापित होंगे।
