सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों को नोटिस

काईस (कुल्लू)। सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों के खिलाफ आईपीएच विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग ने मनाली शहर के दो दर्जन परिवारों को नोटिस जारी कर जल्द कनेक्शन लेने के हिदायत दी है। इसके अलावा भुंतर शहर के करीब दो सौ परिवारों को नोटिस भेजने की तैयारी है। नोटिय में तय अवधि के बाद भी अगर कनेक्शन नहीं लिए जाते हैं तो ऐसे लोगों के पानी और बिजली के कनेक्शनाें को काट दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को एक माह के भीतर नोटिस में दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। इसके बाद सीधे कार्रवाई की हिदायत नोटिसों में दी गई है।
आईपीएच मनाली के सहायक अभियंता योगेश कपूर ने नोटिस भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यदि कनेक्शन नहीं लिए गए तो बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। ब्यास नदी और इसकी सहायक नदी को मैला होने से बचाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं।
विभाग ने मनाली शहर को जोन एक में बांट रखा है। इसमें 990 कनेक्शन आवंटित किए गए हैं। इसमें से 275 व्यावसायिक तथा 715 घरेलू कनेक्शन हैं। इसके अलावा 30 कनेक्शन लगने बाकी हैं। भुंतर शहर में 300 कनेक्शन जारी हुए हैं। इसमें महज 40 कनेक्शन ही लग पाए हैं।
आईपीएच के सहायक अभियंता राकेश ठाकुर ने बताया कि करीब 200 सौ परिवाराें को सीवरेज कनेक्शन लगाने के आवेदन पत्र भेजे हैं। यदि इस पर अमल नहीं किया गया तो आईपीएच महकमा नोटिस जारी करेगा। हिमालयन पर्यावरण सोसायटी के अध्यक्ष अभिषेक राय ने सीवरेज कनेक्शन न लेने वालों पर जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।

Related posts