साइंस एक्सप्रेस ने बढ़ाया छात्रों का ज्ञान

अंब (ऊना)। 16 डिब्बों वाली सफेद रंग की साइंस एक्सप्रेस ट्रेन वीरवार देर रात अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पहुंची। इसमें विज्ञान के ऐसे संग्रह हैं, जिसे अब तक विद्यार्थी किताबों में ही पढ़ा करते थे। साइंस एक्सप्रेस को देखने के लिए स्कूलों के छात्र सुबह दस बजे से ही स्टेशन में पहुंचने शुरू हो गए थे। ऊना के एसएसआरवीएम, अंब के गुरुकुल, सुधा मॉडल स्कूल के अलावा करीब 15 स्कूलों के छात्र शुक्रवार को इस अद्भुत ट्रेन को देखने पहुंचे। ट्रेन के प्रोग्राम मैनेजर पल्लवी बेहरा ने बताया कि इस ट्रेन में जैव भौगोलिक क्षेत्र ट्रांस हिमालय, गंगा का मैदान, रेगिस्तान, समुद्री तट और द्वीपों में फैली हुई अपार जैव विविधता को दर्शाता है। वहीं, जैव विविधता का विस्तार, गंभीर रूप से लुप्त प्राय प्रजातियां आदि के अलावा संरक्षण की चुनौतियों, संरक्षण उपाय, सफलता की कहानी को भी दर्शाता है। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संरक्षण और विद्यार्थियों को स्तब्ध कर देने वाली ज्वॉय ऑफ साइंस लैब का तो जवाब नहीं। प्रदर्शनी को देखने आए राहुल, विक्रम, नेहा, प्रियंका, आशु, हेमलता, मनीषा, विक्रम, आदित्य, रोशनदीप, प्रिया, अभिषेक, अनुज, प्रीति, मोना, आशा, समीक्षा ने बताया कि यह प्रदर्शनी अपने आप में एक किताब है, जिसे देखकर बहुत सारे संशय हल हो गए हैं। यह ट्रेन शनिवार को भी अंब में रुकेगी, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसे देखने का मौका मिल सके।
एसएसआरवीएम के अध्यापक संजीव, सुरेंद्र शर्मा, दिनेश कुमार, रोहित कुमार, अरविंद भारद्वाज, शिप्रा सैणी, ममता एवं किरण भी बच्चों के मार्गदर्शन के लिए साथ रहे। अध्यापक रोहित कुमार ने बताया कि बच्चों को प्रदर्शनी में लगे मॉडलों ने खूब लुभाया।

Related posts