
आनी (कुल्लू)। कुल्लू जिले में स्वास्थ्य बीमा कार्ड के नाम पर कई लोग ठगी का शिकार हो गए। प्रशासन ने तीस रुपये से अधिक मूल्य पर बनाए सभी कार्ड अवैध घोषित कर दिए हैं। लोगों के साथ छल किए जाने पर कंपनी पर जांच बिठा दी गई है। इसके साथ ही जिले भर में कंपनी के कार्य पर भी रोक लगा दी गई है।
कुल्लू जिले में हाल ही में गरीब तबके के परिवारों के स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाए गए। जानकारी के मुताबिक जो कार्ड तीस रुपये में बनने थे, उनके कंपनी ने ढाई सौ से लेकर साढ़े चार सौ रुपये वसूल किए। इतना ही नहीं, कंपनी ने बीपीएल के अलावा अन्य वर्ग के लोगों के भी स्वास्थ्य बीमा कार्ड बना डाले। कंपनी ने लोगों को प्रलोभन दिया था कि अधिक शुल्क जमा करने पर दूसरे वर्ग के लोग भी सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
इधर, प्रशासन ने जांच में अवैध तरीके से बनाए कार्ड अवैध घोषित कर दिए। इस पर प्रशासन ने कंपनी के कार्य में पूरे जिलेभर में रोक लगा दी है। इसके साथ ही तीस रुपये से अधिक मूल्य पर बनाए कार्ड भी अवैध घोषित कर दिए। प्रोजेक्ट अधिकारी कुल्लू डा. संजीव ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त कुल्लू ने एसडीएम आनी को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। कंपनी ने पंचायत द्वारा भेजी लिस्ट को दरकिनार कर अधिक संख्या में अधिक पैसे लेकर कार्ड क्यों बनाए, इसकी पूरी तहकीकात की जाएगी। उन्होंने माना कि कार्ड पंचायत की लिस्ट के आधार पर बनने थे, लेकिन कंपनी ने अवैध तरीके से दूसरे श्रेणी के लोगों के कार्ड भी बना दिए। उन्होंने कहा कि कंपनी के कार्य पर पूरे जिलेभर में रोक लगा दी गई है।
