
काजा (लाहौल-स्पीति)। स्पीति नदी में गिरने से एक महिला की मौत हो गई है। महिला स्पीति नदी पर बने अस्थायी पुल को पार करते वक्त सीधे नदी में जा गिरी। पानी का तेज बहाव महिला को काफी दूर तक बहा ले गया। हालांकि लोग महिला को तत्काल नदी से निकालकर अस्पताल ले आए। लेकिन काजा अस्पताल में चेकअप के बाद डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार शाम को करीब सात बजे हुआ। काजा प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कीह गांव की रहनी वाली विवाहिता नीला डोलमा गांव की अन्य महिलाओं के साथ खुरिक गांव में खेतीबाड़ी के काम को गई थी। वापस कीह गांव लौटते वक्त नीमा डोलमा (30) स्पीति नदी पर बने अस्थाई पुल से अचानक पैर फिसलने के कारण नीचे गिर गई। नदी का पानी महिला को काफी दूर तक बहाकर ले गया। ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकालकर काजा अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन मेडिकल जांच के बाद डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। एसडीएम काजा राहुल चौहान ने बताया कि कीह गांव की नीमा डोलमा की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चौहान ने बताया कि अगर उनकी मौत एक दुर्घटना साबित हुई तो प्रशासन पीड़ित महिला के परिजनों को बतौर मुआवजा डेढ़ लाख रुपये देगा।
शाम ढलते ही छिन गई मां की गोद
स्पीति नदी में पुल से गिरकर हुई नीमा डोलमा की मौत से कीह गांव में मातम छाया हुआ है। नीमा डोलमा अपने पीछे तीन साल का बेटा और छह साल की बेटी छोड़ गई है। दोनों बच्चों को मां यह कहकर घर से निकली थी कि वह शाम को जल्द वापस पहुंचेगी। लेकिन शाम ढलते ही दोनों मासूमों से मां का आंचल हमेशा के लिए छिन गया। मां की मौत के बाद बच्चों के विलाप से हर किसी आंख नम थी।
