
काईस (कुल्लू)। काईस क्षेत्र के विद्यार्थियों ने परिवहन निगम की बसें के तय ठहराव पर न रुकने पर कड़ी आपत्ति जताई है। यहां से हर रोज दर्जनों स्कूली और कालेज छात्र शिक्षा ग्रहण करने कुल्लू आते हैं। लेकिन बसों के ठहराव पर न रुकने के कारण उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ी रही है।
स्कूली विद्यार्थियों का कहना है कि सरकार ने छात्र-छात्राओं को सरकारी बसों में नि:शुल्क बस सेवा प्रदान करने का लाभ दिया है। लेकिन बसों के न रुकने से उन्हें यह सुविधा नहीं मिल पा रही। छात्रों का आरोप है कि निगम के चालक उन्हें देखते ही बस को रोके बगैर तेज गति से दौड़ा देते हैं। ऐसे में स्कूल और कालेज पहुंचने में उन्हें अकसर देरी होती है। ऐसे में जहां पढ़ाई खराब हो रही है, वहीं स्कूल भी देरी से पहुंच रहे हैं।
काईस, बिष्ट बेहड़, राउगी, चोगिन और मझधारी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने निगम के चालकों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। बिष्टवेहड़ निवासी विजय कुमार, अमित कुमार, खेमराज, लोकेंद्र सिंह ठाकुर, पंकज, गौरव, पूजा, अंजली, नेहा, सीता, हरदयाल, विवेक तथा विक्रम सिंह ने कहा कि जब उन्हें बसों में चढ़ाना ही नहीं तो बस पास का क्या फायदा। उन्होंने कहा वे इसकी शिकायत परिवहन मंत्री से करेंगी। इसके बाद भी अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बस पास की मूल प्रतियों को एचआरटीसी के क्षेत्रीय अधिकारी को लौटा देगें। कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं की शिकायत जायज है। बस न रोकने वाले चालकों से जवाब तलब किया जाएगा।
