
अंब (ऊना)। बेहड़ जस्वां के चक्क गांव में अग्निकांड से एक मकान और गौशाला राख हो गई है। आग से चार लाख के नुकसान का अनुमान है। गर्मी की दस्तक के साथ ही क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। वीरवार को उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत बेहड़ जस्वां के वार्ड नंबर 5 के गांव चक्क में एक खडपोश मकान अचानक धू-धू कर जलने लगा। उस वक्त घर के सभी लोग खेतों में गए हुए थे। आग ने मकान के साथ सटी गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त पशुओं को पशुशाला से बाहर बांधा गया था। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो गया था। अग्निकांड में गरीब दास पुत्र गंगू राम के घर के अंदर रखा राशन, जेवर, कपड़े, फर्नीचर तथा अन्य उपयोगी सामान पूरी तरह से जल गया। सूचना मिलने पर अंब के एसडीएम सुखदेव सिंह ने मौके का मुआयना किया और पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस संबंध में एसडीएम अंब सुखदेव सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार की प्रशासन की ओर से उचित सहायता की जाएगी।
