
बंगाणा (ऊना)। स्थानीय पुलिस ने बुधवार देर शाम बंगाणा क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत से दुराचार के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इसी प्रकरण में क्षेत्र की एक अन्य महिला पर भी जल्द गाज गिरने वाली है। बहरहाल 19 अप्रैल को हुई इस शिकायत पर 6 दिन बाद बंगाणा पुलिस ने कदम उठा ही लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के पीछे भी पीड़िता की ओर से न्याय पाने के लिए एसपी दरबार में हाजिरी भरने को अहम बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस ने ज्ञान चंद निवासी गैहरा हरोट को महिला के साथ दुराचार करने और धमकाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि इसी क्षेत्र की एक महिला भी इस घिनौने काम में बराबर की भागीदार है, जिसने पीड़िता को जबरन अपने घर पर रोका। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जल्द ही पुलिस उक्त महिला को भी गिरफ्तार कर सकती है। पीड़ित महिला को काफी समय से ब्लैकमेल किया जा रहा है। आखिरकार महिला ने हिम्मत की और 19 अप्रैल को आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने पुलिस थाना बंगाणा पहुंची। पांच दिन तक आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो बुधवार को पीड़िता ने पति के साथ एसपी ऊना का दरवाजा खटखटा दिया। एसपी ऊना केसी शर्मा के निर्देश पर बंगाणा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार देर शाम आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बंगाणा थाना के एसएचओ महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी धारा 376 एवं 506 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
