सस्ती दवा पर खर्च होंगे 10 लाख

भोरंज (हमीरपुर)। रोगी कल्याण समिति भोरंज की बैठक एसडीएम भोरंज बलवान चंद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आरकेएस का सालाना बजट पारित किया गया। एसडीएम ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में चालू वित्त वर्ष में 39 लाख 20 हजार रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इसमें अस्पताल भवन की मरम्मत और रखरखाव पर 3 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। अस्पताल में लैब, एक्स रे मशीनों और अन्य उपकरणों पर 3.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
अस्पताल परिसर में सस्ती दवाइयों पर 10 लाख रुपये खर्च होंगे। अस्पताल में मशीनरी और अन्य सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। ओपीडी और आईपीडी पर 90 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। आरकेएस से सेवा दे रहे कर्मचारियों के वेतन पर 15 लाख खर्च किए जाएंगे। अस्पताल परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप गेट का निर्माण, मल निकासी सेफ्टी टैंक का निर्माण और फोटोथेरेपी यूनिट के कक्ष का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के प्रांगण में 3 सोलर लाइटें जन प्रतिनिधियों के सहयोग से स्थापित की जाएंगी। उपमंडलाधिकारी ने सभी सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्यों से चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में विकास खंड अधिकारी सुदर्शन सुमन, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण, डॉ. ललित कालिया, डॉ. चमन क ांत, एसई केके भारद्वाज, स्थानीय पंचायत प्रधान हमीर चंद, बीडीसी सदस्य जोगिंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

Related posts