
बंजार (कुल्लू)। जिला की बंजार घाटी में ओलों ने खूब तबाही मचाई है। मंगलवार देर शाम को हुई ताबड़तोड़ ओलावृष्टि का असर घाटी की 20 पंचायतों पर पड़ा है। ओलावृष्टि का सबसे अधिक कहर घाटी की गाड़ागुशैणी में टूटा।
ओले से खास कर सेब के पौधों को नुकसान पहुंचा है। सेब के पते झड़कर जमीन पर आ गिरे। घाटी में तीन सेंटीमीटर तक ओले की परत जमी है। बागवान ध्यान सिंह, तेज राम, किशन ठाकुर तथा सेस राम ने कहा कि ओले से फलदार पौधों को खासा नुकसान हुआ है। इसके अलावा जौ और गेहूं की खड़ी फसल को भी खेतों में नुकसान पहुंचा है। गाड़ागुशैणी इलाके की सराज, मोहनी, बाहु, बलागाड़ आदि पंचायताें में 20 फीसदी तक नुकसान हुआ है। इन दिनों घाटी में सेब सहित नाशपाती और खुमानी में बंपर फ्लावरिंग का दौर चला हुआ है। ऐसे में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बागवानी महकमे के एचडीओ उत्तम चंद पराशर का कहना है कि विभाग ने अपने फिल्ड स्टाफ को नुकसान के आकलन के आदेश दिए है। इसके अलावा विभाग ने अपने कार्यालय के कर्मचारियों को प्रभावित पंचायतों के लिए रवाना कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
