पानी को तरस रहे खराहल के लोग

कुल्लू। भले ही इस बार बारिश और बर्फबारी जमकर हुई है लेकिन खराहल घाटी में लोगों में फिर भी पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। लंबे समय से हैंडपंप सूख पड़े हैं। लोग खुद और पशुओं के लिए पीने का पानी मीलों दूर से ढोकर ला रहे हैं। लोगों का कहना है कि हैंडपंप खराब पड़े हैं।
कुल्लू शहर से सटी खराहल घाटी के बारीपधरू में आईपीएच महकमे ने हैंडपंप लगा रखे हैं। लेकिन यह खराब हैं। आलम यह है कि पशुओं को पिलाने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा। सेऊगी पंचायत की प्रधान आशा देवी ने बताया कि खराहल घाटी में पानी की भारी दिक्कत है। उठाऊ पेयजल योजना भी कछुआ चाल से चली है। ग्रामीण यशपाल शर्मा, राजपाल, विनोद शर्मा और चुनी लाल ने कहा कि लंबे अरसे से सेऊगी पंचायत के तहत आते बारीपधरू का हैंडपंप सूख गया है। उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि जल्द हैंडपंप को जल्द सुचारु किया जाए। आईपीएच के जेई सूरजमणि ने कहा कि कराड़सू से लेकर तलोगी तक 92 हैंडपंप लगे हैं। इनमें से चार हैंडपंप सूख गए हैं। बताया कि जहां हैंडपंप में खराबी आई है उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा।

Related posts