
मुबारिकपुर (ऊना)। विकास खंड अंब की ग्राम पंचायत सिद्ध चलेहड़ के वार्ड नंबर-3 में पेयजल आपूर्ति को लगाया गया एक मात्र हैंडपंप पिछले छह माह से खराब पड़ा है। जिसके चलते लोगों को पेयजल का जुगाड़ करने के लिए पसीना बहाना पड़ रहा है। आईपीएच विभाग नलों के माध्यम से घर-द्वार पर पानी देना तो दूर उनके लिए लगाए गए हैंडपंप से भी पानी उपलब्ध करवाने में नाकाम रहा है। विभाग की अनदेखी के कारण विशेष रूप से महिला शक्ति में खासा रोष देखा जा रहा है। महिला मंडल सचिव उर्मिला देवी, वंदना ठाकुर, शुक्ला देवी, सुषमा देवी ने बताया कि हैंडपंप खराब होने से उन्हें गंभीर पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वाटर सप्लाई स्कीम सिद्ध चलेहड़ 1982 में लगी थी। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उसी से कार्य चला रहा है। जबकि, हर वाटर सप्लाई स्कीम को हर बीस वर्ष बाद अपग्रेड किया जाता है। सप्लाई स्कीम की मोटर आए दिन खराब रहने से लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कई बार सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से हैंडपंप ठीक कराने की मांग की गई, लेकिन हर बार कोरा आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। गांववासियों का कहना है यदि हैंडपंप ठीक हो तो वाटर सप्लाई स्कीम के बीमार होने पर इसका उपयोग किया जा सकता है। इस संबंध में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि हैंडपंप शीघ्र ठीक करवाया जाएगा। वाटर सप्लाई स्कीम का संचालन भी सुचारु किया जाएगा।
