
दौलतपुर चौक (ऊना)। तलवाड़ा रोड पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर तस्करी के लिए पंजाब ले जाई जा रही अवैध लकड़ी बरामद की है। इस संदर्भ में पुलिस ने कांगड़ा जिला निवासी गाड़ी चालक को हिरासत में लिया है। जबकि, घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। चालक से लकड़ी के संदर्भ में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना दौलतपुर चौक पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह ने बुधवार सुबह दौलतपुर चौक-तलवाड़ा रोड पर टीम सहित नाकेबंदी की थी। इसी दौरान इस मार्ग से गुजर रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी नंबर एचपी-36बी-0991 को रोका। गाड़ी में आम की लकड़ी लदी पाई गई। पुलिस टीम ने गाड़ी में सवार चालक से लकड़ी के दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाया। जिसके चलते पुलिस ने वन अधिनियम की धारा 41, 42 एवं आईपीसी की धारा 379 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर प्रवीण कुमार पुत्र हरी कृष्ण निवासी हरबग जिला कांगड़ा को नामजद कर लिया गया है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा, जो वन संपदाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेंगे। दौलतपुर चौकी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है
