
आनी (कुल्लू) । उपमंडल में पिछले तीन दिनाें से बीएसएनएल की सभी सेवाएं पूर्ण रूप से ठप पड़ी है। सोमवार से बंद पड़ी सेवाओं को अभी तक बहाल नहीं किया जा सका है। बीएसएनएल के अधिकारियों का कहना है कि खराबी कहा है कोई पता नहीं। इधर, बीएसएनएल के ठप होने से जहां उपभोक्ताओं को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। सरकारी संस्थानों में भी काम पूर्ण रूप से ठप पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार करीब 12 बजे के बाद से क्षेत्र में बीएसएनएल की सेवाओं में दम तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि लूहरी के पास ओएफसी कट जाने से परेशानी पेश आ रही है। बीएसएनएल की सेवाओं के बंद होने से क्षेत्र पूर्ण रूप से देश से कटा हुआ है। आलम यह है कि लोग अपने रिश्तेदारों तक से बात नहीं कर पा रहे है। बीमारी के समय 108 पर भी फोन नहीं हो पा रहा है। हालांकि यहां बीएसएनएल की यह समस्या नई नहीं है। इससे पहले भी कई दफा बैटरी बैकअप कम होने से लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा है। इतना कुछ होने के बाद भी निगम कोई पुख्ता कदम नहीं उठा पाया है। इधर, उपभोक्ताओं में विकास, चमन शर्मा, सचिन मल्होत्रा, भारत भूषण, पंकज, नीरज गुप्ता, लाल सिंह, भोला दत्त शर्मा सहित अन्य का कहना है कि यहां चली आ रही समस्या को ठीक करने बारे उपभोक्ताओं, स्वयं सेवी और सामाजिक सुधार संस्थाओं ने लिखित और मौखिक शिकायत निगम की दी गई है। इसके बाद भी परेशानियों में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है।
एसडीओ एनटीआर टेलीकॉम जोबन दास ने कहा कि कहां खराबी आई है, इसका पता लगाया जा रहा है। अभी तक खराबी का कोई पता नहीं लग पाया है। जैसे ही पता लगेगा समस्या दूर कर दी जाएगी।
