अनुराग को नहीं करने दिया उद्घाटन

भोरंज (हमीरपुर)। क्षेत्र में नवनिर्मित सामुदायिक भवन के उद्घाटन से पहले ही पंचायत प्रधान ने भवन पर ताला जड़ दिया। इस कारण भवन का उद्घाटन नहीं हो सका। नवनिर्मित भवन का लोकार्पण लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने करना था। इसका कारण हलके में सियासी विवाद माना जा रहा है।
मामला उपमंडल की ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासा के खतरवाड़ गांव में निर्मित सामुदायिक भवन का है। पांच लाख की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण मंगलवार को रखा गया था। लेकिन, पंचायत प्रधान ने लोकार्पण से पूर्व सोमवार शाम को ही भवन पर ताला जड़ दिया था। सांसद अनुराग को उद्घाटन स्थल पर नुक्कड़ सभा कर लौटना पड़ा। पंचायत प्रधान अनंत राम कौंडल का कहना है कि लोकार्पण कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं थी। भवन का निर्माण सांसद निधि से नहीं हुआ है। भवन निर्माण पंचायत को एससी कंपोनेंट प्लान के तहत प्राप्त राशि से हुआ है। न ही ग्राम पंचायत की बैठक में भवन के उद्घाटन को लेकर कोई निर्णय हुआ है। कुछ लोग अपनी मर्जी से उद्घाटन करवा रहे हैं, बिना पंचायत में चर्चा किए उद्घाटन नहीं हो सकता। उधर, पंचायत उपप्रधान अशोक ठाकुर का कहना है कि अनुराग ठाकुर चुने हुए सांसद हैं। भवन का लोकार्पण कर सकते हैं।

अनुराग ने लोस चुनाव को मांगा समर्थन
हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान हिम्मर में महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने बधानी में पंचायत घर का शिलान्यास, कड़ोहता में महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने खतरवाड़ में जनसभा को भी संबोधित किया और लोकसभा चुनाव के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार महंगाई को बढ़ा रही है। सस्ते राशन के स्थान पर महंगा राशन दिया जा रहा है।

Related posts