नप ने जबरन उठाए रेहड़ी-फड़ी वाले

कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में सड़क किनारे बैठे रेहड़ी-फड़ी वालों पर नगर परिषद कुल्लू का डंडा चल पड़ा। मंगलवार को नगर परिषद कुल्लू के कर्मचारियों ने ढालपुर के कलाकेंद्र के आसपास, क्षेत्रीय अस्पताल तथा ढालपुर चौक में रेहड़ी फड़ी सजाकर बैठे लोगों को खदेड़ दिया। प्रशासन के आदेश के बाद नप कुल्लू पहले ही रेहड़ी फड़ी वालों को उठने की हिदायत दे चुकी थी।
नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि रेहड़ी फड़ी लगाने से आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसके साथ ही इस कारण कई बार जाम की समस्या भी पैदा हो जाती है। ढालपुर के सौंदर्य पर भी ग्रहण सा लग गया था। इतना ही नहीं इससे गंदगी बढ़ने से शहर वासियों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही थी। कहा कि नगर परिषद ने इन लोगों को नप की खाली पड़ी जगह पर अपने कारोबार चलाने को कहा है। मंगलवार को नगर परिषद कुल्लू ने शहर के भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों से रेहड़ी फड़ी वालों हटा दिया। सामान न उठाने वाले कई रेहड़ी-फड़ी वालों का नगर परिषद कर्मियों ने सामान भी जब्त कर लिया। बाद में जुर्माना देने के बाद इन लोगों को सामान छुड़ाना पड़ा। नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि अधिकतर रेहड़ी-फड़ी वालों को दूसरी जगह बैठने को जमीन दी है। अन्य बचे लोगों को शीघ्र जगह मुहैया करवाई जाएगी। उधर, रेहड़ी-फहड़ी चलाने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें ऐसी जगह पर भेज दिया है, जहां उनका धंधा ठप पड़ गया है। कहा कि महंगाई के दौर में परिवार का पेट पालना मुश्किल हो गया है।

Related posts