
सुबाथू (सोलन)। सेना के छावनी क्षेत्र सुबाथू और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के कोड +92 से लोगों के मोबाइल पर घंटियां बज रही हैं। इससे लोग दहशत में है। लोगों का कहना है कि काल करने वालेपहले लोगों को ईनाम देने का लालच दे रहे हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्र की जानकारी भी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों ने इसकी सूचना डीएसपी परवाणू को दी है।
स्थानीय निवासी संजय, नरेंद्र कुमार, दलीप कुमार, नरेश, राजेश कुमार एवं सुनील ने बताया कि उन्हें काल की जा रही है। बात करने वाला व्यक्ति बाकायदा लोगों से उसके क्षेत्र, बैंक खाता नंबर सहित अन्य कई जानकारी लेता है। मिसड काल भी बजती है। वापस काल करने से झट से 50 रुपये कट रहे हैं। लोगों ने पुलिस से इस तरह की कॉलों पर रोक लगाने की मांग की है।
1800 जवान मौजूद
छावनी क्षेत्र सुबाथू में सेना का 14 जीटीसी (गोरखा ट्रेनिंग सेंटर) है। यहां करीब 1800 गोरखा रेजिमेंट के जवान हैं। सेना में नई भर्ती (गोरखा )होने वाले जवानों को यहां देश की रक्षा की ट्रेनिंग दी जाती है। शपथ के बाद उनकी तैनाती विभिन्न बटालियन में होती है।
काल अटैंड न करें : नेगी
डीएसपी परवाणू निश्चित नेगी ने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें है। +92 से आने वाली कालस को न ही अटैंड करें और न वापस काल करें। जिन लोगों को इन नंबरों से काल आ रही हैं उनसे छानबीन की जाएगी। उन्होंने कहा सरकार विभिन्न माध्यमों से फर्जी कॉल से बचने के लिए जागरूक कर रही है।
