61 हजार के नकली नोटों के साथ दंपत्ति दबोचे

नैनीताल। 61 हजार रुपये के नकली नोटों का जखीरा लेकर गुड़गांव से नैनीताल आए पति-पत्नी को मंगलवार को तल्लीताल थाना पुलिस ने होटल में दबोच लिया। यह युगल सोमवार से शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से सामान की खरीददारी कर दुकान स्वामियों को 39 हजार रुपये का चूना लगा चुका था। शेष धनराशि को भी नैनीताल में ही खपने का प्लान था, मगर ऐन वक्त पर पुलिस ने होटल में छापा मारकर इस मंसूबे को फेल कर दिया।
मंगलवार अपराह्न 12.30 बजे पुलिस को मुखबिर ने तल्लीताल रिक्शा स्टैंड के पीछे स्थित मैट्रो होटल में एक दंपत्ति के नकली नोटों के साथ रुकने की सूचना दी थी। तुरंत बाद थानाध्यक्ष उत्तम सिंह होटल पहुंचे। होटल कर्मी को साथ लेकर उन्होंने कमरे में दबिश दी और गुड़गांव के कॉल सेंटर में बतौर चालक काम कर रहे मूल रूप से संभल यूपी निवासी सर्वेश कुमार तथा उसकी पत्नी नीलम को 61 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया। कमरे में दंपत्ति के अलावा नीलम की दो बहनें भी मौजूद थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1-1 हजार के 61 नकली नोट समेत 23 हजार 700 रुपये की असली नकदी जो कि नकली नोटों को बाजार में चलाकर ली गई थी बरामद की। थानाध्यक्ष ने बताया कि सर्वेश बीवी समेत दो सालियों को नैनीताल घुमाने के बहाने नकली नोटों को खपाने के लिए यहां आया था। दंपत्ति के खिलाफ 489ए, 489बी तथा 489सी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, महिला की दोनों बहनों की मामले में संलिप्तता न पाए जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया। पति-पत्नी की निशानदेही पर पुलिस ने नगर की तमाम दुकानों में 1-1 हजार के 4 नकली नोट भी बरामद किए। अन्य नोटों की बरामदी में पुलिस देर रात तक जुटी रही।

Related posts