32 केंद्रों पर आज से होगी गन्ने की खरीद

अंबेडकरनगर। जिले के 32 केंद्रों पर बुधवार से गन्ना तौल का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। खास बात यह है कि इस बार जिले के आठ केंद्रों पर तौल के लिए इलेक्ट्राॅनिक कांटे लगाए गए हैं। तौल को लेकर हालांकि अकबरपुर चीनी मिल प्रशासन सभी तैयारियां पूर्ण कर लेने का दावा कर रहा है, लेकिन किसानों में इसे लेकर आशंका व्याप्त है।
भीटी तहसील के मिझौड़ा स्थित अकबरपुर चीनी मिल इस सत्र के लिए गन्ना तौल व पेराई का कार्य 28 नवंबर से प्रारंभ हो रहा है। किसानों को गन्ना बिक्री में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले में इस बार कुल 32 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर गन्ने की खरीद का कार्य बुधवार से शुरू हो जाएगा। क्रय केंद्रों पर तौल मशीनों को दुरुस्त कराने के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्था करने का कार्य एक दिन पहले चरम पर दिखा। बुधवार से केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके खास निर्देश क्रय केंद्र प्रभारियों को दिए गए हैं। इस बार आठ केंद्र रगड़गंज, टांडा, खानशाहपुर, बसखारी, शुकुलबाजार, धवरुआ, बेलउवा बरियारपुर व जाफरगंज में इलेक्ट्राॅनिक काटों से गन्ने की तौल कराई जाएगी। वहीं बुधवार से गन्ने की खरीद शुरू होने को लेकर किसानों ने भी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वे पहले दिन से ही अपना गन्ना लेकर सेंटरों पर पहुंचने वाले हैं। एक तरफ चीनी मिल प्रशासन भले ही बेहतर ढंग से खरीद होने का दावा कर रहा है, लेकिन किसानों के बीच तमाम आशंकाएं व्याप्त हैं। समय से पर्ची न मिलने, क्षमता अनुसार पर्ची न दिए जाने तथा तौल में मनमानी को लेकर किसान अभी से परेशान है। अकबरपुर के किसान रामखेलावन व श्रीप्रकाश ने कहा कि पिछले वर्ष केंद्रों पर कई कई दिन तक ट्रैक्टर ट्राॅलियां खड़ी रखनी पड़ी थीं। इससे किसानों के सामने खासी मुश्किल आई थी। राजेसुल्तानपुर के किसान देवेंद्र यादव व राजनरायन ने बताया कि दावे तो प्रत्येक वर्ष किए जाते हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही रहती है। किसानों ने कहा कि केंद्रों पर तौले जाने वाले गन्ने को तत्परतापूर्वक चीनी मिल तक पहुंचाने की भी जिम्मेदारी मिल प्रशासन को तय करनी होगी।

Related posts

Leave a Comment