30 हजार आबादी को गंदा पानी सप्लाई!

30 हजार आबादी को गंदा पानी सप्लाई!
नालागढ़ (सोलन)। शहर के लोगों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। लोगाें को स्वच्छ पेयजल के लिए बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह से लीक हो रही है। अधिकांश लीकेज गंदे और दूषित स्थानों में हो रही है। ऐसे में नतीजतन लोगों के घरों में गंदे पानी आने का दावा किया जा रहा है। वहीं बरसात के दिनों में जलजनित बीमारियों संभावना प्रबल जताई जा रही है।
नालागढ़ शहर को चिकनी नदी के समीप से उठाऊ पेयजल योजना से जलापूर्ति की जाती है, जो राईजिंग मेन के माध्यम से दत्तोवाल से होती हुई नालागढ़ शहर के भल्लेश्वर महादेव मंदिर के समीप बने दो टैंकों तक पहुंचती है। मई माह में राईजिंग मेन के टूटने पर विभाग ने लीपापोती कर इस पर लोहे की अस्थायी रूप से बड़ी-बड़ी पत्तियां लगाई हैं। अब यह कामचलाऊ व्यवस्था खराब हो चुकी है। स्थानीय लोगों में विक्रमजीत सिंह, रविंद्र पंवार, पंकज, गोपाल, अरविंद, विजय कुमार, सलीम, मनोज कुमार, वीना देवी, प्रभा देवी, सुनीता, सौरभ, मुकेश कुमार, हरीश, सोनू, नीतू, प्रिंस, विकास और रमन ने आईपीएच विभाग से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में जलजनित रोग फैला तो इसका जिम्मेवार आईपीएच विभाग होगा। शहर की आबादी वर्तमान में करीब 25 से 30 हजार है और राइजिंग मेन के लीक होने से हजारों लीटर पानी शहरवासियों को दिया जाता है, जो मौजूदा समय में लोगों को गंदा ही मुहैया हो रहा है। वहीं पानी व्यर्थ में भी बह रहा है।

दुरुस्त होगी मुख्य पाइपलाइन
एक्सईएन आईपीएच सुनील कन्होत्रा ने कहा कि उनके ध्यान में मामला लाया गया है, जिस पर राइजिंग मेन को जल्द दुरुस्त बनाया जाएगा, जिससे लोगों को स्वच्छ पानी मिल सके।

Related posts