26/11 जैसे हमले की आशंका

नई दिल्ली, (एजैंसियां): एलओसी पर भारत की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान बौखला गया है और भारत पर हमला करने का कोई तरीका नहीं छोडऩा चाहता है। यही कारण है कि सीमा से लगे भारत के सभी राज्य हाई अलर्ट पर हैं। इस बीच मल्टी एजैंसी सेंटर (एमएसी) ने गुजरात सहित सभी सीमावर्ती राज्यों को चेतावनी जारी की है और दो पाकिस्तानी नावों के संबंध में जानकारी दी है।
एमएसी ने कहा है कि पाकिस्तान के कराची से निकली दो संदिग्ध नाव गुजरात या महाराष्ट्र की तरफ बढ़ रही हैं। एमएसी के इंटेलिजेंस इनपुट में नाव की लंबाई-चौड़ाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है, साथ ही यह जानकारी भी दी गई है कि इनमें से एक नाव में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है जबकि दूसरी नाव बिल्कुल सही-सलामत है। सूत्रों के अनुसार एक बार फिर 26/11 जैसे हमले की साजिश रची जा रही है और इसकी प्रबल आशंका है कि देश के बड़े शहरों खासकर मुम्बई को निशाना बनाया जा सकता है। मुम्बई में हुए 26/11 हमले में 166 लोग मारे गये थे। मुम्बई पर हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ गया था और दोनों देशों की सेनाएं सीमा पर तैनात की गई थीं। बताया जा रहा है कि भारत के गुजरात सीमा से लगे क्षेत्रों से घुसपैठ की आशंका है। सरक्रीक में ड्रोन से सुरक्षा की जा रही है। उच्च अधिकारियों ने बताया कि भारतीय कोस्ट गार्ड पहले से सतर्क हैं और इसी का नतीजा है कि रविवार सुबह गुजरात तट के निकट एक पाकिस्तानी नौका को पकड़ा गया, इस पर नौ लोग सवार थे। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी किए गए वक्तव्य के मुताबिक तटरक्षक बल के जहाज समुद्र पावक ने गश्त के दौरान इस नौका को गुजरात तट के निकट सुबह दस बजकर पंद्रह मिनट पर पकड़ा। इस पर नौ लोग सवार थे जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जानकारी के आधार पर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस नौका पर सवार लोग पाकिस्तानी मछुआरे हैं। भारतीय सेना ने कुछ दिन पहले ही नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक किया था जिसके बाद से पड़ोसी देश से लगने वाली मैदानी और समुद्री सीमा को हाई अलर्ट पर रखा गया है, इससे पहले नियंत्रण रेखा के पार आतंकी ठिकानों पर भारत के लक्षित हमलों के मद्देनजर गुजरात तट से लगने वाले संवेदनशील इलाकों को खाली करवा लिया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। तटरक्षक बल ने मछुआरों और अन्य लोगों को अधिक सतर्कता बरतने और समुद्र या तट से निकट के इलाकों में किसी भी तरह की असामान्य गतिविधि की खबर देने को कहा है।

Related posts