250 राशनकार्ड धारकों को नहीं मिली चीनी

सरोल (चंबा)। ग्राम पंचायत हरिपुर के लगभग ढाई सौ राशनकार्ड धारकों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपो में चीनी नहीं मिल रही है। इस कारण उन्हें दुकान से महंगे दामों पर चीनी खरीदनी पड़ रही है। भद्रम स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपो में अक्तूबर माह की चीनी का कोटा नहीं पहुंचा है। राशनकार्ड धारक रोज डिपो के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें चीनी नहीं मिल रही है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र कु मार, गिरधारी लाल, देवी चंद, ऐनू राम, साबो राम, सुधीर कुमार, मंजीत कुमार, श्याम लाल, मुंशी राम, नीरज कुमार, धीरज कुमार और यशपाल ने बताया कि दिवाली का त्यौहार आने वाला है, लेकिन अभी तक उन्हें चीनी नहीं मिली है। इस कारण उन्हें बाजार से महंगे दाम पर चीनी खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि जल्द डिपो में चीनी की सप्लाई दी जाए। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने बताया कि गोदाम में चीनी की खेप पहुंच चुकी है। उन्होंने डिपो होल्डर को निर्देश दिए हैं कि गोदाम से चीनी उठा ले और राशनकार्ड धारकों को वितरित करे।

Related posts