20 लाख का नकली वाशिंग पाउडर और गुटखा बरामद

काशीपुर। थाना साबिक मोहल्ले में नकली वाशिंग पाउडर और गुटखा बनाने का गोरखधंधा सामने आया है। आरोपी नामी कंपनियों के नाम से माल तैयार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को कंपनी अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। इस दौरान लाखों रुपए कीमत का नामी कंपनियों का नकली वाशिंग पाउडर और गुटखे के अलावा कच्चा माल और मशीनें बरामद की है। मौके से एक आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है। डिटर्जेंट और गुटखे के तैयार और कच्चे माल समेत बरामद पूरे सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, घड़ी डिटर्जेंट कानपुर के लीगल एडवाइजर मनोज सिंह, हिंदुस्तान यूनी लिवर कंपनी द्वारा तैयार एक्टिव व्हील और दिलबाग गुटखा के आर्थोराइज्ड ऑफिसर जितेंद्र कुमार को कंपनी के नामों से काशीपुर में नकली माल तैयार किए जाने की सूचना मिली। बृहस्पतिवार को कंपनी अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ थाना साबिक मोहल्ले में घनी आबादी के बीच एक गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान बाकी कर्मचारी तो मौके से भाग गए। लेकिन एक को पुलिस ने दबोच लिया। कंपनी अधिकारियों ने गोदाम से घड़ी डिटर्जेंट का 86 बोरी नकली कच्चा माल, तैयार 18 बोरी (प्रति एक बोरी में 80 पाउच) बरामद किए। कंपनी अधिकारियों ने तैयार डिटर्जेंट की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई है। इसके अलावा बोरी सिलने की चार मशीनें, एक पैकिंग मशीन, दो बड़े तराजू, एक ऑटो कांटा, एक ऑटो गुटखा पैकिंग मशीन, एक स्टेप्लर और कवर बैग बनाने की मशीनें बरामद की। साथ ही दिलबाग और गगन गुटखे के 10 हजार रैपर का रोल, 10 हजार खाली रैपर और 40 बोतल गुटखा तैयार करने वाला कैमिकल बरामद किया। कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार गुटखा बनाने वाले कैमिकल का मूल्य लगभग 10 लाख रुपए है।

Related posts