18 को होगा जेल भरो आंदोलन

बद्दी (सोलन)। संयुक्त ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों ने मजदूर और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ 18 दिसंबर को जेल भरो आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है। पत्रकारों से बातचीत में इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरमैल चौधरी, सचिव श्याम ठाकुर, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष गोपाल चौधरी सचिव निक्का राम ठाकुर ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रदेश में 2 दिसंबर को सभी संगठनों की बैठक में शिमला में सपंन्न हुई जिसमें 18 दिसंबर को सर्वसहमति से जिला स्तर विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में श्रम कानूनों की सरेआम उल्लंघन हो रहा है। उद्योगों में ठेका प्रथा होनेे से मजदूरों को समान वेतन नहीं मिल रहा है। संयुक्त मोरचा ने न्यूनतम वेतन दस हजार रुपये करने की मांग करते हुए महंगाई पर तत्काल प्रभाव से कदम उठाने का आग्रह किया है। आंगनबाड़ी, मिड डे मिल व अन्य अंशकालिक कामगारों को नियमित करने तथा सुविधाओं के लिए पेंशन की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है। सभी यूनियनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगो पर गौर नहीं किया तो 20 और 21 फरवरी को राष्ट्र व्यापी हड़ताल पर जाने को विवश होना पड़ेगा। उन्होंने हड़ताल को कामयाब बनाने के लिए 18 दिसंबर को जेल भरो व विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Related posts