
चंबा। समय पर सर्विस बुक अपडेट न करने पर जिले के करीब 16 स्कूलों के मुखियाओं की अब निदेशालय में जवाब तलबी होगी। विभागीय निर्देश की अवहेलना पर शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर इनकी सूची निदेशालय को भेज दी है। आगामी कार्रवाई निदेशालय की ओर से अमल में लाई जाएगी। विभाग ने जिला भर के स्कूलों को 31 मार्च तक सर्विस बुक अपडेट करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शिक्षकों को पांच दिन का अतिरिक्त समय दिया गया और साथ ही चेताया गया था कि इस अवधि में सर्विस बुक अपडेट न होने पर स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा। इसके बावजूद जिले के 16 स्कूलों ने तय समय पर सर्विस बुक अपडेट नहीं की। शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि जिले के सभी सीनियर सेकेंडरी व हाई स्कूलों के मुखियाओं को बार-बार अपने अधीनस्थ शिक्षक व गैर शिक्षक स्टाफ की सर्विस बुक अपडेट करने के निर्देश दिए थे। इस बाबत उन्हें ई-मेल व टेलीफोन करके भी सूचित किया गया था। बार-बार सूचित करने के बावजूद 16 स्कूलों की सर्विस बुक अपडेट नहीं हुई। इसके चलते विभाग ने इन स्कूलों को डिफाल्टर घोषित करते हुए इनकी सूची निदेशालय को प्रेषित कर दी है। उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि विभागीय निर्देश की पालना न करने वाले स्कूलों की सूची निदेशालय को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि आगामी कार्रवाई निदेशालय द्वारा अमल में लाई जाएगी।
इंसेट………..
इन स्कूलों की सूची भेजी
सीनियर सेकेंडरी स्कूल चकलू, डुगली, मेल, रायुपर, सुडला और सुनारा के शिक्षक व अन्य स्टाफ की सर्विस बुक अपडेट नहीं हुई है। इसके अलावा हाई स्कूल माई का बाग, भुनाड़, बरेई, चौबिया, कडेड, कुहाल, पक्का टाला, रैला, साहली और संघणी शामिल हैं। सर्विस बुक अपडेट न करने पर विभाग ने इनकी सूची निदेशालय को प्रेषित कर दी है।
