
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा की 16 पंचायतों में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इस कारण सैकड़ों घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। इससे हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत सनवाल, देहरा, शिलेराबाड़ी, झज्जाकोठी, टेपा, देवीकोठी, सुईंला, जुनास, जुंगरा, पद्धर, खजुआ, चांजू, देहरा, चरड़ा, बघेई, आयल और चीह में छह दिन पहले भारी बर्फ बारी व बारिश होने के कारण जगह-जगह से बिजली के खंभे गिर गए हैं। इसके अलावा विद्युत तारें में टूट चुकी हैं। इसके चलते ग्रामीणों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही हैं। स्थानीय निवासी हेमराज, योगराज, दिनेश सिंह, होशियारा राम, कुलदीप कुमार, प्यार चंद, चैन सिंह, चमन लाल और सुदेश ने बताया कि बिजली न होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन दिनों स्कूली छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं चली हुई हैं, लेकिन बिजली न होने के कारण उन्हें पढ़ाई करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा बैटरी चार्ज न होने के कारण मोबाइल फोन शोपीस बनकर रह गए हैं और वे अपने रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने कहा कि स्टाफ की कमी होने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मियों को लाइन की मरम्मत करने के लिए भेजा गया है। जल्द क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
