
1500 आबादी को मिलेगा भरपूर जल
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ उपमंडल की डोली पंचायत के तहत सूना बड़खोआ उठाऊ संवर्द्धन पेयजल योजना का निर्माण आईपीएच नालागढ़ मंडल करेगा। गंभर नदी से उठाऊ संवर्द्धन पेयजल योजना के तहत जलापूर्ति होने से पंचायत के तहत आने वाले बड़खोआ, डोलरू, नेरली, चुलहाणाना और सूना आदि गांवों की करीब 1500 आबादी लाभान्वित होगी। इन गांवों के लिए करीब 25 वर्ष पूर्व बनी पेयजल योजना से ही पानी मुहैया करवाया जा रहा है, जिसकी पाइपें जर्जर हो चुकी हैं और इससे पर्याप्त मात्रा में लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इसी के तहत आईपीएच नालागढ़ मंडल ने इस योजना का खाका तैयार किया, जिसे स्वीकृति मिलने के उपरांत धनराशि विभाग को पहुंच चुकी है और जल्द ही इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
बैठकों में कई बार उठा है पेयजल मुद्दा
गर्मियों के मौसम में लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। गर्मियों के मौसम में पानी के जलस्तर नीचे चले जाने के कारण लोगों को पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाती है, जिसके चलते ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति से महरूम होना पड़ता है। उन्हें अन्य दूरदराज क्षेत्रों के प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर होकर रहना पड़ता है। क्षेत्रों की पेयजल समस्या का मुद्दा पंचायतों, बीडीसी, जिप की बैठकों में बार-बार उठता रहा है और लोगों सहित क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने भी जलापूर्ति सुचारु बनाने के लिए प्रशासन व सरकार पर दबाव बनाना शुरू किया।
जल्द शुरू होगा योजना पर काम
आईपीएच के अधिशाषी अभियंता सुनील कन्होत्रा के अनुसार नालागढ़ डिवीजन के तहत करोड़ों रुपये की नई पेयजल योजनाओं पर काम चल रहा है, जिसमें यह योजना भी शुमार है। धनराशि विभाग के पास आ चुकी है, जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
