150 अंशकालीन जलवाहक बनेंगे डेलीवेज

चंबा। सरकारी स्कूलों, कॉलेज व बीपीओ आफिस में सेवाएं दे रहे अंशकालीन जलवाहक पदोन्नत होकर दैनिक भोगी कर्मचारी बनेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा सीनियोरिटी लिस्ट तैयार कर ली गई है। एक हफ्ते के भीतर कर्मचारियों को प्रमोशन मिल जाएगी। सरकार ने आठ साल का सेवाकाल पूरा कर चुके अंशकालीन जलवाहकों को दैनिक भोगी कर्मचारी बनाने का निर्णय लिया है। जिला चंबा में ऐसे करीब 150 कर्मचारी हैं, जो आठ साल का सेवाकाल पूरा कर चुके हैं। विभाग ने ऐसे कर्मियों की सीनियोरिटी लिस्ट तैयार कर ली है। एक हफ्ते के भीतर इनकी डीपीसी तैयार कर पदोन्नति दे दी जाएगी। शिक्षा विभाग के सुपरिंटेंडेंट ग्रेड टू रविंद्र कुमार ने बताया कि जो भी अंशकालीन जलवाहक 31 मार्च 2014 तक आठ साल का सेवाकाल पूरा कर चुके हैं, उन्हें प्रमोट करके दैनिक भोगी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के स्कूलों, बीपीओ आफिस, कॉलेज व अन्य कार्यालयों में सेवाएं दे रहे कर्मचारी सीनियोरिटी लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी का नाम सीनियोरिटी लिस्ट में न हो और उसने आठ साल का सेवाकाल पूरा कर लिया हो तो संबंधित कर्मचारी अपने दस्तावेज जमा करवाए। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों का नाम सूची में शामिल कर उन्हें पदोन्नति प्रदान की जाएगी। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि अंशकालीन जलवाहकों को दैनिक भोगी बनाया जाएगा। इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों को पदोन्नति मिल जाएगी।

Related posts