15 दिन में माफी न मांगी तो कोर्ट में घसीटूंगा

धर्मशाला। खाद्य आपूर्ति एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कहा कि विपक्षी दल ने उनके ऊपर चार्जशीट में जो आरोप लगाए हैं वह पूरी तरह से निराधार हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि विपक्ष नेताओं ने 15 दिन के भीतर उनसे माफी न मांगी तो वे 16वें दिन मानहानि का नोटिस थमाएंगे। बाली ने कहा कि यदि उनके खिलाफ एक भी आरोप साबित होता है या फिर एक रुपये का घोटाला भी सामने आता है तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। लेकिन आरोप निराधार होने पर विपक्षी नेता को राजनीति से संन्यास लेना होगा। उन्होंने कहा कि तीन महीने के भीतर वह विपक्ष नेता के घोटालों से पर्दा उठा देंगे। हमीरपुर, जालंधर या शिमला में से एक स्थान पर वह पत्रकार वार्ता कर सबको चौंकाने वाले तथ्य पेश करेंगे। उन्होने कहा कि वह इस बात का खुलासा करेंगे कि घोटाले किसने किए हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपो पर कहा कि उन्होंने जो जमीन खरीदी है वह अस्त वरस्त मालगुजारी के तहत पटियाला राजपरिवार की नलीनी व राजेंद्र कौर से खरीदी है। बाली ने कहा कि राजनीति के अलावा उनका अपना व्यवसाय भी है व उनकी मासिक आय औसतन 22 से 25 लाख रुपये है। ऐसे में एक करोड़ रुपये की जमीन खरीदना कोई आश्चर्य चकित करने वाली बात नहीं है। बाली ने कहा कि जिस-जिस ने भी आरोप पत्र पर साइन किए हैं, उन्हें वह कोर्ट में घसीटेंगे व उनके किए गए एक-एक घोटाले का उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर विपक्षी नेता को एक्सपोज करने में पूरी ताकत लगाएंगे व उनके हर घोटाले को जनता के सामने रखेंगे। इस मौके पर बाली के साथ उनके एडवोकेट चौधरी, एडवोकेट भटनागर व एडवोकेट कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे।

Related posts